बोकारो , अक्टूबर 08 -- झारखंड के बोकारो में स्थापित भारतीय इस्पात प्राधिकरण लिमिटेड (सेल) की इकाई बोकारो स्टील लिमिटेड (बीएसएल) के ब्लास्ट फर्नेस क्षेत्र में स्लैग ले जाने वाले कन्वेयर बेल्ट में अचानक भीषण आग लग गई। आधिकारिक सूत्रों ने आज यहां बताया कि आग लगते ही बेल्ट धू-धू कर जलने लगा और मौके से उठती आग की लपटें व धुआं दूर तक दिखाई देने लगा। घटना की सूचना मिलते ही प्लांट की फायर विंग की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने में जुट गईं। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।
आग कन्वेयर बेल्ट संख्या के-21 और के-22 में लगी थी। इन बेल्टों का इस्तेमाल स्लैग को ले जाने के लिए किया जाता है। गनीमत रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।
बोकारो स्टील प्लांट प्रबंधन के अनुसार स्लैग ले जाने वाले के-21 और के-22 कन्वेयर बेल्ट में संभवत: गर्म स्लैग के कारण आग लगी। फायर विंग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए करीब आधे घंटे में आग पर काबू पा लिया। प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कन्वेयर बेल्ट ब्लास्ट फर्नेस के बाहर स्थित है। आग का ब्लास्ट फर्नेस या प्लांट की मुख्य उत्पादन इकाइयों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा है। प्लांट में उत्पादन सामान्य रूप से जारी है। प्रबंधन ने बताया कि आग से क्षतिग्रस्त कन्वेयर बेल्ट को रिप्लेस किया जाएगा। वहीं, आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित