बोकारो , अक्टूबर 27 -- झारखंड में बोकारो जिले के माराफारी थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और बाद में शादी के वादे से मुकरने के आरोप में प्राथमिकी अभियुक्त मो. सरफराज को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों में आज यहां बताया कि पुलिस ने उसे 26 अक्टूबर 2026 को धनबाद जिले के मैथन ओपी क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी बोकारो के माराफारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आजाद नगर के कचौड़ी मोहल्ले का निवासी है।

पुलिस के अनुसार, आजाद नगर निवासी एक महिला की शिकायत पर माराफारी थाना कांड संख्या 82/2026, दिनांक 9 अक्टूबर 2026 को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 69, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। प्राथमिकी में मो. सरफराज पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने और बाद में शादी के वादे से पीछे हटने का आरोप लगाया गया था।

मामले के अनुसंधान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी वादिनी को धोखे में रखकर शादी करने के इरादे से बंगाल जा रहा है। इसके बाद पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे मैथन ओपी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस का कहना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक अन्य महिला के भी संभावित रूप से धोखे का शिकार होने से बचने की बात सामने आई है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कार्रवाई में माराफारी थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक संजय कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक मुकेश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक उमेश कुमार सिंह तथा आरक्षी इलयास अंसारी और मनीष कुमार सिंह शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित