बोकारो , मई 05 -- झारखंड में बोकारो जिले के चीरा-चास थाना क्षेत्र में एक युवक पर सुनियोजित तरीके से जानलेवा हमला कर लूटपाट की सनसनीखेज घटना सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय आरिफ अंसारी, निवासी न्यू पिण्डरगोड़िया, चास के रूप में हुई है, जो गद्दे की फेरी का काम करता है। आरिफ अंसारी फेरी का काम खत्म कर करीब 50 हजार रुपये कलेक्शन लेकर अपनी मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान जोधाडीह मोड़ स्थित सोलागीडीह तालाब के पास पहले से घात लगाए बैठे 8-9 नामजद आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उस पर हमला कर दिया।
पीड़ित के अनुसार, हमलावरों ने भुजाली, लोहे की रॉड, फाइटर और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर अचेत हो गया। आरोपियों ने उसे मृत समझकर उसके पास से 50 हजार रुपये नकद, सोने की बाली, अंगूठी तथा चांदी के आभूषण लूट लिए और फरार हो गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को पहले सदर अस्पताल, फिर गंभीर स्थिति के कारण बोकारो जनरल अस्पताल में भर्ती कराया है।
पुलिस ने बताया कि पुरानी रंजिश के कारण घटना घटी है। पीड़ित के भाई के साथ पहले मारपीट हुई थी, जिसका विरोध करने पर आरोपियों ने बदले की भावना से इस वारदात को अंजाम दिया।
चास के एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी आरोपियों की पहचान कर ली गई है। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी कर रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित