बोकारो , अक्टूबर 24 -- झारखंड में बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग भरत सिंह की पत्थर से मारकर हत्या कर दी गई।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि घटना सेक्टर-9 स्थित सरदार पटेल स्कूल के दक्षिण दिशा के पास की है। पुलिस के अनुसार, नशा करने के लिए पैसे नहीं देने और मोबाइल छीनने के प्रयास का विरोध करने पर आरोपी ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से बुजुर्ग के सिर पर जोरदार हमला कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस मामले के प्राथमिकी अभियुक्त पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 5:15 बजे भरत सिंह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान लाल कंबल ओढ़े खड़े पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा ने उनसे नशा करने के लिए पैसे मांगे। भरत सिंह ने पैसे देने से इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी ने उनके पॉकेट में रखा मोबाइल छीनने का प्रयास किया। भरत सिंह ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने सड़क किनारे पड़े पत्थर से उन पर हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौत हो गई।
घटना के संबंध में मृतक के बेटे अशोक कुमार सिंह के लिखित आवेदन पर हरला थाना कांड संख्या 109/2026, दिनांक 24 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बोकारो के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने मानवीय एवं तकनीकी साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन किया। इसके आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी पंकज साव उर्फ पंकज वर्मा को सेक्टर-9 के स्ट्रीट नंबर 36 स्थित वैशाली मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल किए गए पत्थर समेत कई सामान भी जब्त किया है। जब्त सामान में खून लगा आरोपी का शर्ट, मृतक का मोबाइल फोन, उनका टूटा हुआ चश्मा और आरोपी का कंबल शामिल है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
कार्रवाई में नगर पुलिस उपाधीक्षक राजीव रंजन, हरला थाना के सहायक थाना प्रभारी खुर्शीद आलम, अनुसंधानकर्ता मनीष कुमार गुप्ता, पुलिस अवर निरीक्षक मंटू कुमार, कुंदन कुमार एवं उपेंद्र चौधरी सहित हवलदार अशोक कुमार तथा आरक्षी योगेंद्र कुमार रजक, प्रफुल कुमार मंडल और नरेश मंडल शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित