बोकारो , नवंबर 02 -- झारखंड के बोकारो जिले में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी गिरोह का पर्दाफाश किया है।
इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक ऑटो और तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि सेक्टर-1/बी, बीएस सिटी निवासी श्रीकान्त कुमार के लिखित आवेदन पर उनकी मोटरसाइकिल (नंबर एचआऱ26बीएन-0525) चोरी होने के मामले में सेक्टर-4 थाना कांड संख्या 85/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, बोकारो के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (नगर), बोकारो के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। गठित टीम ने अनुसंधान के दौरान मिले सुरागों के आधार पर तीन अप्राथमिकी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में 32 वर्षीय पप्पू सिंह, पिता लक्ष्मण सिंह, निवासी शांतिनगर, जैनामोड़, जिला बोकारो; 39 वर्षीय अमरेन्द्र गोस्वामी, पिता दिलीप गोस्वामी, निवासी सेक्टर-सी, आवास संख्या 2-135, बीएस सिटी, बोकारो तथा 36 वर्षीय नारायण तुरी, पिता गुही तुरी, निवासी ग्राम बरमसिया, पोस्ट गांगजोरी, थाना जरीडीह, जिला बोकारो के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
पुलिस की कार्रवाई के दौरान एक ऑटो (नंबर जेएच09बीई-8334) तथा तीन मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस बरामद वाहनों के संबंध में जांच कर रही है। साथ ही चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित