बोकारो , अप्रैल 17 -- झारखंड में बोकारो जिले के पिंडराजोड़ा थाना क्षेत्र के मधुडीह जंगल से बरामद नरकंकाल वाकई लापता पुष्पा महतो का ही है या नहीं, इसकी पुष्टि के लिए डी एन ए जांच कराया जा रहा है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि चास कॉलेज के पीछे जंगल से मिले कंकाल और पुष्पा के माता-पिता के ब्लड सैंपल एसएलएल विधि विज्ञान प्रयोगशाला, रांची भेज दिया गया हैं। अब दोनों की डीएनए मैचिंग से हत्याकांड की गुत्थी सुलझेगी।

आठ महीने पहले लापता हुई पुष्पा महतो की प्रेमी दिनेश महतो ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने जंगल से 19 टुकड़ों में बंटा नरकंकाल, हड्डियां, कपड़े और हत्यारे का मोबाइल बरामद किया। पुष्पा का परिवार अभी भी कंकाल को उनकी बेटी मानने को तैयार नहीं है, इसलिए बोकारो सदर अस्पताल से माता-पिता के सैंपल लिए गए।

बोकारो सिविल सर्जन ने बताया, "सैंपल डीएनए टेस्ट के लिए रांची भेजे गए हैं। रिपोर्ट जल्द आएगी।" पुलिस फूंक-फूंक कर कदम उठा रही है ताकि अपराधी को कड़ी सजा दिलाई जा सके।

मामले ने तूल तब पकड़ा जब पुष्पा की मां को थाने से न्याय न मिला। हाईकोर्ट ने झारखंड डी जी पी को तलब कर सख्त निर्देश दिया। बोकारो एसपी ने थाना प्रभारी समेत 28 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। डीएसपी आलोक रंजन के नेतृत्व में नई एस आई टी बनी, जिसने चंद घंटों में आरोपी से सारा राज उगलवा लिया।

पुलिस का कहना है कि डीएनए रिपोर्ट से न सिर्फ शव की पहचान पक्की होगी, बल्कि अदालत में केस मजबूत होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित