बोकारो , मई 13 -- झारखंड में बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र के सुभाषनगर में अवैध हथियार निर्माण का काला कारोबार चलाने वाले गिरोह पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि एसटीएफ पटना की संयुक्त टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। इस कार्रवाई में चार अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य सरगना राजकुमार सिंह उर्फ बंटी फरार होने में कामयाब हो गया। मौके से अर्धनिर्मित पिस्टल, जिंदा गोलियां, हथियार बनाने की मशीनें और अन्य सामान बरामद किया गया।
बेरमो एसडीपीओ वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुभाषनगर में अवैध हथियार बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही बोकारो पुलिस और एसटीएफ पटना की टीम ने संयुक्त रूप से छापेमारी की। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने कबूल किया कि वे हथियार निर्माण और सप्लाई के धंधे में लंबे समय से लिप्त थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह कई राज्यों में हथियारों की आपूर्ति करता था। तैयार पिस्टल को मुख्य आरोपी राजकुमार सिंह से मात्र 25 हजार रुपये में खरीदकर अपराधियों को ऊंची कीमत पर बेचा जाता था।
पुलिस ने बताया कि देवघर निवासी उस्मान अंसारी उर्फ अरमान गांडेय थाना क्षेत्र में पूर्व में मिनी गन फैक्ट्री मामले का वांछित है। मुंगेर निवासी मो. रिजवान , मुंगेर निवासी मो. इम्तियाज, संजय कुमार साव उर्फ संजय गुप्ता, के खिलाफ आर्म्स एक्ट, हत्या और लूट जैसे कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इसी तरह मो. रिजवान के खिलाफ भी मुंगेर में अपराधी कांड दर्ज हैं। सभी आरोपी पूर्व में जेल भी जा चुके हैं। फरार मुख्य आरोपी राजकुमार सिंह उर्फ बंटी की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस ने हथियार निर्माण का समान, अर्धनिर्मित पिस्टल, बैरल और स्लाइडर,6 जिंदा गोलियां, लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, मोटर ग्राइंडर, अन्य हथियार निर्माण उपकरण 6 हजार रुपये नकद आदि बरामद किया है।
एसडीपीओ ने बताया कि यह कार्रवाई अवैध हथियारों के कारोबार पर लगाम लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आसपास के जिलों में अलर्ट जारी कर दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित