बोकारो , अक्टूबर 31 -- झारखंड में बोकारो जिले के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में साधु का वेश धारण कर महिलाओं को ठगने वाले को पुलिस ने बिहार के गया जिले के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि आरोपी के पास से ठगी गई सोने की मंगलसूत्र और कान के सोने के टॉप्स समेत बड़ी संख्या में पीतल के लॉकेट, ताबीज और अंगूठियां बरामद की है।

पुलिस के अनुसार, घटना 28 अक्टूबर की सुबह करीब 10:30 बजे कैंप-2 इलाके में हुई। बिहार निवासी दोनों आरोपी साधु के वेश में सुरेंद्र सिंह की पत्नी बबीता कुमारी के घर पहुंचे और भिक्षा में भोजन मांगा। महिला ने श्रद्धापूर्वक दोनों को भोजन कराया। इस दौरान बातचीत में महिला ने अपनी पारिवारिक परेशानियों का जिक्र किया। इसी का फायदा उठाकर आरोपियों ने उसके दुख-दर्द दूर करने का झांसा दिया।

आरोपियों ने महिला से घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण मंगवाए और उन पर विशेष आशीर्वाद देने तथा मंत्र फूंकने की बात कही। उनके झांसे में आकर महिला ने अपना सोने का मंगलसूत्र और कान के टॉप्स उन्हें सौंप दिए।

आरोपियों ने हाथ की सफाई से असली सोने के आभूषण गायब कर दिए और उनकी जगह कपड़े में बंधे 10 पीतल के लॉकेट महिला को थमा दिए। साथ ही पोटली शाम पांच बजे से पहले नहीं खोलने की हिदायत दी। उन्होंने ऐसा नहीं करने पर घर में अनहोनी होने का डर भी दिखाया।

शाम को जब महिला ने पोटली खोली, तो उसमें सोने के गहनों की जगह पीतल के लॉकेट मिले। ठगी का एहसास होने पर पीड़िता ने बीएस सिटी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बीएस सिटी थाना पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया। तकनीकी अनुसंधान और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बालीडीह रेलवे स्टेशन के समीप स्थित तंबुओं में छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 30 वर्षीय शंभू लाठौर और 25 वर्षीय गया लाल लाठौर, दोनों पिता सज्जन लाठौर, निवासी बेलाडीह गांव, थाना बेलागंज, जिला गया (बिहार) के रूप में हुई है।

पुलिस की पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ठगी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उनकी निशानदेही पर पीड़िता के सोने के आभूषण बरामद कर लिए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले करीब एक वर्ष से इस तरह की ठगी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। पुलिस उनके आपराधिक इतिहास और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की भी जांच कर रही है।

छापेमारी दल में बीएस सिटी थाना प्रभारी एवं पुलिस निरीक्षक ममता कुमारी, पुलिस अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नीरज सेठ सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित