बोकारो , सितंबर 08 -- झारखंड में बोकारो जिले के पुलिस ने विगत अगस्त माह में 248 मुकदमा दर्ज कर 439 कांडों का निष्पादन किया और 32 अपराधियों को सजा दिलाया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि विगत अगस्त माह में जिले में निष्पादित मामलों में गुमशुदगी, लापता, अपहरण एवं महिला अपराध से जुड़े 30 मामले, बलात्कार एवं पोक्सो के 12, एनडीपीएस के 4, माइनिंग के 13, एसटी-एससी के 5, नक्सली गतिविधियों से जुड़े 4 तथा हत्या के 9 मामले शामिल हैं।

पुलिस अधीक्षक, बोकारो की अध्यक्षता में मंगलवार को मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में सहायक पुलिस अधीक्षक चास सहित जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक, पुलिस निरीक्षक अंचल, परिचारी प्रवर, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं शाखा प्रभारी उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान अगस्त 2026 में जिले में दर्ज मामलों के निष्पादन, पासपोर्ट सत्यापन, चरित्र सत्यापन तथा वारंट निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था एवं यातायात व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अलावा ठगी एवं जालसाजी के 36, साइबर अपराध के 3, सड़क दुर्घटना के 45, गृहभेदन के 25, वाहन चोरी के 25, विविध चोरी के 33, अवैध शराब के 7, छिनतई के 5 तथा अन्य विविध मामलों का भी निष्पादन किया गया। 186 अभियुक्तों के विरुद्ध एनबीडब्लू और पीडब्लू का निष्पादन किया गया। अगस्त माह के दौरान जिले में एनबीडब्ल्यू एवं पीडब्ल्यू के तहत कुल 186 अभियुक्तों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इसके साथ ही 3 कुर्की मामलों का निष्पादन किया गया। पासपोर्ट सत्यापन से संबंधित 1,237 मामलों तथा चरित्र सत्यापन एवं ऑनलाइन चरित्र सत्यापन से जुड़े 1,763 मामलों का निष्पादन किया गया।

न्यायालय, बोकारो द्वारा अगस्त माह के दौरान 13 मामलों में 32 अपराधियों को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई गई। इन मामलों में पोक्सो एक्ट, छेड़खानी, ठगी, मोटर दुर्घटना, जुआ अधिनियम, हत्या एवं गंभीर मारपीट जैसे मामले शामिल हैं। वहीं, पीजी पोर्टल से संबंधित अगस्त माह में कुल 21 मामलों का निष्पादन किया गया। पुलिस के अनुसार वर्तमान में पीजी पोर्टल का कोई मामला लंबित नहीं है।

जिले में सीईआईआर पोर्टल का उपयोग करते हुए अगस्त माह में 78 मोबाइल फोन बरामद किए गए। बरामद मोबाइलों का सत्यापन करने के बाद संबंधित थाना एवं ओपी द्वारा वास्तविक मोबाइल धारकों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार अब तक जिले में कुल 567 बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को सौंपे जा चुके हैं।

यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नाबालिग बच्चों द्वारा वाहन चलाने पर रोक लगाने के उद्देश्य से अगस्त माह में जिले के 14 स्कूलों में विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 2,995 वाहनों से कुल 44 लाख 64 हजार 900 रुपये का चालान वसूला गया। जिले के विभिन्न चौक-चौराहों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

बैठक में आगामी 14 सितंबर को गणेश चतुर्थी 2026 के दौरान जिले में सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा डायल-112 का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, आम लोगों की समस्याओं को सुनकर समय पर उचित कार्रवाई करने, साइबर अपराध के मामलों के निष्पादन में तेजी लाने, अड्डेबाजी के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा नियमित फुट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी कार्रवाई करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय और सतर्क रहने का निर्देश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित