बोकारो , अप्रैल 27 -- झारखंड के बोकारो में ट्रेजरी से अवैध निकासी के सनसनीखेज मामले में सीआईडी की विशेष जांच दल (एसआईटी) ने गृहरक्षक वाहिनी के जवान सतीश कुमार उर्फ सतीश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है।
बोकारो के पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीना ने आज यहां बताया कि सी आई डी की टीम उक्त कार्रवाई की है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि आरोपी एसपी कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में प्रतिनियुक्त था और मुख्य आरोपी लेखापाल कौशल कुमार पांडेय का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। सीआईडी की जांच में आरोपी के बैंक खाते में 1.06 करोड़ रुपये के संदिग्ध ट्रांजेक्शन का खुलासा हुआ है। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 43 लाख रुपये की राशि फ्रीज कर दी।
जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में एसआईटी मामले की गहन जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, घोटाले की जड़ें बोकारो ट्रेजरी के लेखा-जोखा में हैं, जहां बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा हुआ है।
पुलिस ने बताया कि यह गिरफ्तारी ट्रेजरी धन की सुरक्षा के लिए एक चेतावनी है। मामले में आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित