बोकारो , अप्रैल 30 -- झारखंड मे बोकारो जिले के बोकारो ट्रेजरी घोटाले के 1.11 करोड़ रुपये की अवैध निकासी मामले में सीआईडी ने दूसरी बड़ी कार्रवाई की है।

विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने जिला सहायक अवर निरीक्षक (एएसआई) अशोक कुमार भंडारी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि भंडारी पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अकाउंट सेक्शन में तैनात थे और मुख्य आरोपी लेखापाल के करीबी सहयोगी के रूप में उजागर हुए हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भंडारी के खाते में करीब 50 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर हुई थी, जो घोटाले का हिस्सा थी। यह गिरफ्तारी घोटाले की परतें खोलने में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पहले चरण में मुख्य आरोपी लेखापाल को पकड़ा गया था, अब इस सहयोगी की गिरफ्तारी से जांच तेज हो गई है।

सीआईडी अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में भंडारी ने कई अहम खुलासे किए हैं। मामले की गहन जांच जारी है और अन्य संदिग्धों की तलाश चल रही है। जिला प्रशासन ने घोटाले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिलाया है।

विगत दिनों विशेष जांच दल ( एस आई टी) ने गृहरक्षक वाहिनी के जवान सतीश कुमार उर्फ सतीश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित