बोकारो , अक्टूबर 29 -- झारखंड के बोकारो जिले में आपराधिक घटनाओं की रोकथाम, लंबित कांडों के निष्पादन और विभिन्न मामलों में वांछित अभियुक्तों तथा न्यायालय से जारी वारंटियों की गिरफ्तारी को लेकर बोकारो पुलिस ने विशेष समकालीन अभियान चलाकर 19 वारंटी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर बीते रात्रि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में यह अभियान चलाया गया।

अभियान के लिए जिले के सभी थानों और ओपी प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 73 पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 240 पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी शामिल थे। गठित टीमों ने अपने-अपने थाना और ओपी क्षेत्रों में चिह्नित वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए संभावित 143 ठिकानों पर सघन छापेमारी की।

पुलिस के अनुसार, अभियान के दौरान जिले के 28 थाना और ओपी क्षेत्रों से कुल 19 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 18 वारंटी और विभिन्न कांडों में वांछित एक अभियुक्त शामिल है। गिरफ्तार सभी अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में जाेल भेज दिया गया।

इसके अलावा, अभियान के दौरान न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन में भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने 37 रिकॉल प्रस्तुत किए जाने के आधार पर गैर-जमानती वारंट से संबंधित कार्रवाई का निष्पादन किया। साथ ही 14 जमानती वारंट (बीडब्ल्यू) और एक अन्य वारंट का भी निष्पादन किया गया। पुलिस का यह विशेष अभियान अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के उद्देश्य से चलाया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित