बोकारो , सितंबर 22 -- झारखंड में बोकारो जिले के गोमिया थाना क्षेत्र में लोन ऐप के जरिए मोबाइल का एक्सेस लेकर साइबर ठगी कर खाते से 65 हजार रुपए साइबर ठगों ने उड़ा लिया।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि ऑनलाइन लोन ऐप से लोन लेना गोमिया के एक युवक को महंगा पड़ गया। लोन की राशि खाते में आते ही साइबर अपराधियों ने उसके खाते से 65 हजार रुपये उड़ा लिए। पीड़ित साड़म भाट टोला निवासी मारूफ राय ने गोमिया थाना में आवेदन देकर कार्रवाई और राशि वापस दिलाने की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार 10 सितंबर 2026 को उसने मोबाइल से 80 हजार रुपये के ऑनलाइन लोन के लिए आवेदन किया था। प्रक्रिया के दौरान पैन कार्ड और आधार कार्ड ऑनलाइन शेयर किया। इसके बाद उसके बैंक ऑफ इंडिया, साड़म शाखा के खाते में 75,992 रुपये जमा हुए।राशि आने के बाद मारूफ ने अपनी जरूरत के लिए 7 बार में कुल 11,600 रुपये निकाले। खाते में 73,631 रुपये शेष बचे थे।

पीड़ित ने बताया कि उसी रात 8:30 बजे अचानक उसका मोबाइल हैंग हो गया और स्क्रीन पूरी तरह सफेद हो गई। करीब एक घंटे बाद फोन सामान्य हुआ तो बैंक खाते की जांच करने पर उसके होश उड़ गए।खाते से तीन बार में कुल 65 हजार रुपये की अनधिकृत निकासी की गई थी - 20 हजार रुपये दो बार और 25 हजार रुपये एक बार।पीड़ित का कहना है कि उसने यह लेन-देन नहीं किया और न ही किसी को अनुमति दी थी।

ठगी की घटना उसी दिन हुई, जिस दिन लोन के लिए दस्तावेज शेयर किए गए थे। आशंका है कि लोन ऐप के जरिए मोबाइल का एक्सेस लेकर साइबर अपराधियों ने बैंकिंग जानकारी हासिल कर ली और खाते से राशि निकाल ली।पीड़ित ने पुलिस से बैंक ट्रांजैक्शन की जांच कर 65 हजार रुपये की राशि को होल्ड/फ्रीज कराने और अपराधियों पर कार्रवाई की मांग की है। आवेदन के साथ बैंक स्टेटमेंट और लोन से जुड़े दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित