बोकारो , जुलाई 07 -- झारखंड के बोकारो जिले के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के एनएच‑32 पर बेड़ानी मोड़ के पास बीते देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा मे बाइक सवार तीन युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि मृतक बोराडीह गांव में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों युवक वहीं गिर गया और उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने मृतकों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पहचान में मृतक भंड्रो गांव निवासी 18 वर्षीय आर्यन महतो (पिता हीरालाल महतो), संथालाडीह निवासी 19 वर्षीय अमर कुमार महतो (पिता अमृत महतो) तथा भवानीपुर साइड सांगजोड़ी निवासी 20 वर्षीय सुमित गोरांई (पिता दुलाल महतो) के रूप में हुई। चिकित्सीय अंत परीक्षण के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना की जानकारी पर पिंड्राजोरा थाना प्रभारी रवि कुमार और उनकी पुलिस टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन व चालक की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज, वाहनों के निशान और गवाहों के बयान जुटा रही है।
एक साथ तीन युवकों की मौत से भंड्रो, संथालाडीह और भवानीपुर साइड सांगजोड़ी क्षेत्र में शोक की लहर है। परिजनों और ग्रामीणों ने घटना पर दुख व आक्रोश व्यक्त किया। आर्यन के पिता हीरालाल महतो ने बताया कि आर्यन उसका एकलौता संतान था। वह सोमवार रात करीब 8 बजे दोस्तों के साथ शादी समारोह में गया था। देर रात वापस लौटते समय उसकी मृत्यु हो गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित