रांची , अप्रैल 14 -- झारखंड के सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड के बरका-सयाल क्षेत्र ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में अपने स्थापना काल से अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए कोयला उत्पादन, ओबीआर (ओबीआर) और डिस्पैच (रैक डिस्पैच सहित) में नई ऊँचाइयाँ हासिल की हैं।

इस दौरान कोयला उत्पादन 87.43 लाख टन रहा, जो एएपी लक्ष्य का 97% है तथा पिछले वर्ष (81 लाख टन) की तुलना में 8% वृद्धि दर्शाता है। ओबीआर 236.79 लाख क्यूबिक मीटर रहा, जो लक्ष्य का 146% है और इसमें 38% की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं कंपोजिट उत्पादन 292.75 लाख क्यूबिक मीटर (133%) तथा डिस्पैच 80.4 लाख टन (5% वृद्धि) रहा। कुल 2063 रैक डिस्पैच दर्ज किए गए, जो पिछले वर्ष 1725 की तुलना में 20% अधिक है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि श्रमिकों के अथक परिश्रम, उनके समर्पण और प्रबंधन की दूरदर्शी योजना एवं सुदृढ़ कार्यनिष्ठा का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

बरका-सयाल क्षेत्र ने एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए 16.2 मिलियन क्यूबिक मीटर ओबी हटाने के वार्षिक लक्ष्य को 16 दिसंबर, 2025 को ही, 105 दिन पहले प्राप्त कर लिया। 14 दिसंबर, 2025 को एक दिन में 1.0 लाख क्यूबिक मीटर ओबी हटाने का रिकॉर्ड भी स्थापित किया गया, जो स्थापना काल से अब तक का सर्वोच्च है।

नॉर्थ उरीमारी सीएचपी-साइलो, जो सीसीएल का एकमात्र परिचालित एफएमसी प्रोजेक्ट है, ने भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। एफवाई25-26 में सीएचपी-साइलो डिस्पैच 47.02 लाख टन रहा, जो पिछले वर्ष 29 लाख टन की तुलना में 62% अधिक है। वहीं रैक की संख्या 1193 रही, जो 755 से बढ़कर 58% की वृद्धि दर्शाती है। बिरसा/नॉर्थ उरीमारी प्रोजेक्ट की ईसी/सीटीओ क्षमता 4.5 एमटीवाई से बढ़ाकर एमटीवाई करना भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि रही।

सतत विकास की दिशा में भी बरका-सयाल क्षेत्र ने सराहनीय पहल की है। एफएमसी (सीएचपी-साइलो) के माध्यम से पर्यावरण-अनुकूल कोयला परिवहन को बढ़ावा देते हुए सड़क परिवहन और वाहन उत्सर्जन में कमी लाई गई है। बलकुदरा ओबी डंप पर इको-पार्क का निर्माण पूर्ण कर इसे एक हरित मनोरंजन स्थल के रूप में विकसित किया गया है, जो कर्मचारियों और स्थानीय समुदाय के लिए सुकून भरा वातावरण प्रदान करेगा।

नॉर्थ उरीमारी सीएचपी-साइलो को झारखंड के पहले औपचारिक माइनिंग टूरिज्म केंद्र के रूप में विकसित किया गया है, जो झारखंड पर्यटन विकास निगम, झारखंड सरकार और सीसीएल के बीच हुए एमओयू के तहत स्थापित हुआ है। यहां देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों का स्वागत किया जा रहा है, जिससे खनन क्षेत्र की नई पहचान बन रही है। इसके साथ ही, सौंदा बी साइडिंग के पास झारखंड सरकार की मत्स्य पालन परियोजना में सक्रिय सहयोग करते हुए औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन , आजीविका और महिला सशक्तिकरण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।

ऊर्जा के वैकल्पिक स्रोतों की दिशा में 5 मेगावाट सौर ऊर्जा संयंत्र, बलकुदरा में सफलतापूर्वक स्थापित कर ग्रिड से जोड़ा गया है, जो हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। सीएसआर के अंतर्गत उरीमारी पंचायत, बड़कागांव (हजारीबाग) में 2 अमृत सरोवर परियोजनाओं का सफल निर्माण किया गया है, जो जल संरक्षण और सामुदायिक विकास का उत्कृष्ट उदाहरण है।

सीसीएल के सीएमडी निलेंदु कुमार सिंह के नेतृत्व में बरका-सयाल क्षेत्र ने न केवल उत्पादन के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण, सामुदायिक विकास और सतत भविष्य की दिशा में भी मजबूत कदम बढ़ाए हैं। यह उपलब्धियां दर्शाती हैं कि जब श्रमिकों का समर्पण, प्रबंधन की दूरदर्शिता और टीम भावना एक साथ आगे बढ़ती है, तो विकास की राह और भी सशक्त हो जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित