रांची , अप्रैल 16 -- झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा वन क्षेत्र में आज फिर नक्सलियों के बिछाए गए आईईडी की चपेट में आने से एक और जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है।

घायल जवानों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गई है। यह घटना पिछले 24 घंटों के भीतर दूसरा बड़ा धमाका है, जिससे सुरक्षाबलों में सतर्कता और बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की टीम इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही थी, तभी पहले से प्लांट किए गए आईईडी में विस्फोट हो गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास का इलाका दहल उठा और जवान गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।

इस ताजा हमले के बाद बीते दो दिनों में आईईडी ब्लास्ट में घायल जवानों की कुल संख्या बढ़कर पांच हो गई है। लगातार हो रहे हमलों के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सघन तलाशी अभियान तेज कर दिया है और नक्सलियों की तलाश में ऑपरेशन जारी है।

प्रशासन ने भी घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त बलों की तैनाती कर दी है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित