मेदीनीनगर , अगस्त 26 -- झारखंड के पलामू जिले में नशीले पदार्थों की खरीद बिक्री रोकने को लेकर चलाये जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने सतबरवा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे 39 पर वाहन जांच के क्रम में एक कार से 121 किलो गांजा बरामद किया है।

इसकी कीमत 60 लाख रुपए है। गांजा को उड़ीसा से हरिहरगंज ले जाया जा रहा था। इस सिलसिले में जिले के सतबरवा इलाके के दो तस्कर को गिरफ्तार किया गया है।

जिले के एसपी कपिल चौधरी ने बुधवार शाम पांच बजे बताया कि सतबरवा पुलिस ने मंगलवार रात गुप्त सूचना के आधार पर वाहन चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की कार रोककर तलाशी ली, जिसमें डिक्की और आगे की सीट के नीचे छिपाकर ले जाये जा रहे 117 पैकेट में 121 किलो गांजा मिला। मौके से दो मोबाइल और दो फर्जी नंबर प्लेट भी बरामद हुए।

पुलिस ने मामले में सतबरवा के झाबर निवासी सनोज कुमार यादव उर्फ बाबू (25) और शम्भू कुमार यादव (30) को गिरफ्तार किया है। शंभू हरिहरगंज में सीएसपी संचालक है जबकि सनोज ड्राइवरी का काम करता है। मामले में सतबरवा थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत कांड दर्ज कर दोनों तस्करों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित