रांची , मई 02 -- झारखंड के पलामू जिले के पड़वा थाना क्षेत्र अंतर्गत गाड़ीगांव फोरलेन सड़क पर शनिवार को सड़क हादसे में इलाज के दौरान 40 वर्षीय विजय ठाकुर की मौत हो गयी और दूसरा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पड़वा थाना क्षेत्र के करू अवाना गांव निवासी विजय ठाकुर अपने साथी मुनेश ठाकुर के साथ बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। गाड़ीगांव फोरलेन पर पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पड़वा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने विजय ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दूसरे घायल मुनेश ठाकुर की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुँचे, जहाँ चीख-पुकार मच गई। पुलिस चौकी के अधिकारी महेंद्र कुमार ने परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों (बोलेरो और बाइक) को जब्त कर लिया है और मामले की कानूनी जांच शुरू कर दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित