मेदिनीनगर , मई 18 -- झारखंड में पलामू जिले के छतरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-98 स्थित सीलदाग गांव के बांकी नदी पुल के पास सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बस से गिरकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ बिशुनपुर निवासी जितेंद्र भुइया (पिता- राजदेव भुइया) के रूप में की गई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि जितेंद्र भुइया डालटनगंज से छतरपुर की ओर एक यात्री बस से सफर कर रहा था। यात्रा के दौरान अचानक उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। असहज महसूस होने पर वह अपनी सीट छोड़कर बस के गेट के पास आकर खड़ा हो गया। इसी दौरान बस के चलने के क्रम में वह अचानक अनियंत्रित होकर नीचे सड़क पर गिर पड़ा। तेज रफ्तार बस से गिरने के कारण उसे गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद बस चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए और आक्रोशित होकर एनएच-98 को जाम कर दिया। ग्रामीणों बे दोषी बस चालक की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग की।
सूचना मिलने पर छतरपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटवाया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। वहीं फरार बस और चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित