मेदिनीनगर , जून 13 -- झारखंड के पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के सदर थाना क्षेत्र के पोखराहा चौक के पास शनिवार को तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से स्कूटी सवार रामरेखा पासवान की मौत हो गई।
रामरेखा घर से डयूटी करने के लिए निकले थे। सिक्यूरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। मृतक पोखराहा गांव के निवासी थे।
घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। शव का पोस्टमार्टम होने के बाद परिजन डेड बॉडी के साथ पोखराहा चौक पहुंचे एवं नेशनल हाइवे जाम कर दिया गया है। मुआवजा की मांग की जा रही है।
सदर थाना प्रभारी अफजाल अंसारी ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सड़क जाम हटाने के लिए प्रदर्शनकारियों को समझाया जा रहा है।
इधर, हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित