मेदिनीनगर , मई 29 -- झारखंड के पलामू जिले में एक चिकित्सा पदाधिकारी ने देर रात तेजी से कार चलाते हुए घर के आंगन में सोए एक ग्रामीण को रौंद दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
हादसे में डॉक्टर को भी चोट आई, जबकि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई । डॉक्टर को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामीण की डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए आज भेज दिया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पाटन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सा पदाधिकारी डॉ मिथिलेश कुमार अपनी कार (जेएच 03 एसी 8251) से पाटन से मेदनीनगर आ रहे थे। इसी क्रम में सिक्की गांव के पास टर्निंग पर अचानक उनका नियंत्रण हट गया और कार अनियंत्रित होकर पास के घर में घुस गई और आंगन में सोए विनोद सिंह को अपनी चपेट में ले लिया।
घटना के बाद मौके पर घर के लोग और आसपास के ग्रामीण जुटे। विनोद सिंह को जबतक इलाज के लिए ले जाया जाता उससे पहले ही उनकी मौत हो गई थी, जबकि डॉक्टर को गंभीर स्थिति में कार से बाहर निकाल कर इलाज के लिए भेजा गया। विनोद सिंह टेंपो चलाकर अपने परिवार का भरण पोषण करते थे।
थाना प्रभारी अनिल कुमार विद्यार्थी ने शुक्रवार सुबह घटना की पुष्टि की। बताया कि चिकित्सा पदाधिकारी की कार से घटना हुई है। एक ग्रामीण की मौत हो गई है। डॉक्टर को चोट आई है। इलाज के लिए ले जाया गया है। मामले में जांच की जा रही है। डेड बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित