रांची , अक्टूबर 27 -- झारखंड के पलामू जिले में स्थित मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।
अस्पताल परिसर में एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में दबाकर घूमता नजर आया। इस दृश्य को देखकर अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों के बीच अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में नवजात के शव को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं।
अस्पताल प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक युवक की नजर नवजात का शव मुंह में दबाकर घूम रहे कुत्ते पर पड़ी। यह दृश्य देखकर युवक हैरान रह गया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई। अस्पताल परिसर में मौजूद लोग यह समझ नहीं पा रहे थे कि नवजात का शव कहां से आया और कुत्ता उसे कहां से उठाकर लाया है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस नेघटना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल अस्पताल परिसर स्थित पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस चौकी के अधिकारी और जवान मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल नवजात शिशु के शव की पहचान करने और उसके अस्पताल परिसर में पहुंचने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कुत्ता नवजात के शव को किस स्थान से उठाकर लाया था। इसके लिए अस्पताल परिसर और आसपास के संभावित स्थानों की जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित