मेदिनीनगर , सितंबर 23 -- झारखंड के पलामू जिले के चैनपुर थाना क्षेत्र के दुल्ही गांव में करमा पूजा विसर्जन के दौरान बुधवार को कोयल नदी में डूबने से चार युवकों की मौत हो गई। एक लापता है।

लापता युवक की तलाश की जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। अस्पताल से लेकर गांव तक चीख पुकार मची है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से चार युवकों के शव बरामद किये गए। हालांकि उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच ले जाया गया, जहां उन्हें मृत्यु घोषित कर दिया गया।

मृतकों की पहचान 18 वर्षीय नीतीश कुमार सिंह, पिता बाबूलाल सिंह, 22 वर्षीय अमित कुमार ठाकुर, पिता पुरानी ठाकुर, 12 वर्षीय राजा सिंह, पिता संजय सिंह, 16 वर्षीय विशाल पासवान पिता तिलकधारी पासवान शामिल हैं।

8 वर्षीय हेमंत कुमार सिंह, पिता सुनील सिंह लापता है। सभी बोकेया के पतरिया गांव के निवासी थे।

जानकारी के अनुसार बुधवार सुबह छह बजे बड़ी संख्या में लोग करमा विसर्जन के लिए कोयल नदी तट पर पहुंचे थे। पतरिया गांव से भी लोग घर से डेढ़ किलोमीटर दूर दुलही गांव स्थित कोयल नदी तट पर आकर विसर्जन कर रहे थे।

नीतीश कुमार सिंह, अमित कुमार ठाकुर, राजा सिंह, विशाल पासवान, हेमंत कुमार सिंह समेत अन्य युवक नहाने लगे। इसी क्रम में सभी नदी के गहरे पानी में डूबने लगे। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुटे और चार युवकों को किसी तरह बाहर निकाला। परिजन सभी को लेकर इलाज के लिए एमएमसीएच पहुंचे जहां उन्हें चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित