मेदिनीनगर , मई 31 -- झारखंड के पलामू जिले में पुलिस ने हैदरनगर थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात राहुल सिंह गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अपराधी सड़क निर्माण कर रही डूअर्स कंस्ट्रक्शन कंपनी के कैंप पर गोलीबारी कर दहशत फैलाने और रंगदारी वसूलने की योजना बना रहे हैं। हुसैनाबाद एसडीपीओ के नेतृत्व में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से दो 9 एमएम पिस्टल, दो जिंदा कारतूस, छह मिसफायर गोलियां, एक खाली मैगजीन और चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने कंपनी पर दबाव बनाने और रंगदारी के लिए गोलीबारी की योजना की बात स्वीकार की। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जांच कर रही है।
रविवार दोपहर 2:30 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एसपी कपिल चौधरी ने इस संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित