रांची , मई 06 -- झारखंड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कतरास मोड़ स्थित सिंह नगर के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई जबकि उसके पति और पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि, बलियापुर थाना क्षेत्र के निपानिया निवासी शत्रुघ्न महतो अपनी पत्नी ममता देवी और पुत्र संतोष महतो के साथ बाइक से महुदा में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कोयला लदे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ममता देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे में शत्रुघ्न महतो और उनके पुत्र संतोष महतो सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों घायलों को संभाला और तत्काल पुलिस को सूचना दी। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और मृतका के शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। लोगों का आरोप है कि इस मार्ग पर कोयला लदे भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण अक्सर दुर्घटनाएं होती रहती हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती।
सूचना मिलने पर झरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित