दुमका , अक्टूबर 23 -- झारखंड के दुमका जिला मुख्यालय के नगर थाना क्षेत्र से एक महिला और दो नाबालिग बच्चे के लापता होने तथा बाद में दोनों का शव बरामद होने के मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने निर्दयी महिला को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
दुमका के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम ने महज कुछ घंटे के भीतर राखी कुमारी नाम की महिला को अपने नाबालिग पुत्र और जेठ के नाबालिग बेटे की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया।
पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खैरवार ने शुक्रवार को संवाददाताओं को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलिया डंगाल के रहने वाले विक्रांत सिंह नाम के एक व्यक्ति बीते दिन अपने परिवार के साथ दुमका में दुर्गापूजा का मेला देखने आया था। पेट्रोल पम्प में पेट्रोल लेने के क्रम में राखी कुमारी नाम की उसकी पत्नी,एक नाबालिग पुत्र और एक भतीजा पुन: मेला देखकर आने की बात कहकर निकली और लापता हो गयी।
इसे लेकर विक्रांत सिंह द्वारा अपनी पत्नी राखी कुमारी के साथ उसके नाबालिग पुत्र और नाबालिग भतीजे के गुमशुदगी के संबंध में एक आवेदन दिया गया था। इस आवेदन के आधार पर दुमका नगर थाना में 22 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2) के तहत कांड संख्या -194/2026 दर्ज की गयी।
दुमका शहर से सरेआम एक महिला और दो नाबालिक बच्चों के लापता होने से संबंधित इस घटना की गंभीरता को देखते हुए दुमका के पुलिस अधीक्षक द्वारा दुमका के सदर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खालको के नेतृत्व में विशेष जांच दल( एसआईटी) गठित कर अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई शुरू की गयी।
कांड के अनुसंधान के क्रम में मानवीय एवं तकनीकी सहयोग के आधार पर सूचक की लापता पत्नी राखी कुमारी को गोड्डा जिले के पौडैयाहाट थाना अन्तर्गत ग्राम सलगाटाँड गांव से हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की गयी। पूछताछ के क्रम में आरोपी महिला राखी कुमारी के स्वीकारोक्ति बयान के आधार पर पुसिस टीम ने दोनों नाबालिग बच्चे के शव को पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के पेटरपहाडी, सिंदरीदोल गांव के पास स्थित एक कुआं से बरामद किया ।
इसके तत्पश्चात पुलिस ने काण्ड को बीएनएस की धारा 137(2) के साथ 103(1),238 (ए) में परिवर्तित कर दो नाबालिक बच्चों की हत्या की आरोपी निर्दयी मां रूपी महिला राखी कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशान देही पर घटना के समय पहनी महिला का साड़ी, मोबाईल फोन भी बरामद कर लिया।
उन्होंने बताया कि दुमका के सदर अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल में पुलिस निरीक्षक सह दुमका नगर थाना की प्रभारी प्रियंका आनंद.हंसडीहा के थाना प्रभारी, दुमका नगर थाना के पुअनि रंजीत मंडल, पुअनि मेंजारी बिरूआ, पुअनि राजीव रंजन. पुअनि रेणुका किस्कु,आरक्षी अमित कुमार के साथसशस्त्र बल के जवान भी शामिल थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित