रांची , सितंबर 15 -- झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा थाना क्षेत्र में कल देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसों के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर पत्ताबाड़ी के पास दुमका-रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया। सड़क जाम होने से मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना सरसडंगाल के पास हुई। यहां तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। दोनों युवक हटिया से वापस लौट रहे थे। हादसे में सरकार हेंब्रम की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए रामपुरहाट अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, दूसरी घटना पत्ताबाड़ी के पास रात करीब 12 बजे हुई। बताया जा रहा है कि बाइक सवार दो युवकों ने सड़क किनारे खराब हालत में खड़े हाईवा को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को रात में ही इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

मृतकों की पहचान बरमसिया निवासी मकसूद अंसारी और शहर घाटी गांव निवासी अकबर अंसारी के रूप में हुई है।

दूसरे हादसे के बाद रात करीब एक बजे आक्रोशित ग्रामीणों ने पत्ताबाड़ी के पास दुमका-रामपुरहाट मार्ग को जाम कर दिया। ग्रामीण मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित