जामताड़ा , मार्च 10 -- झारखंड के जामताड़ा जिले में साइबर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन कुख्यात साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो देशभर में अपना नेटवर्क स्थापित कर साइबर अपराध की घटना को अंजाम देते थे।

पुलिस अधीक्षक कार्यालय के निर्देश पर साइबर अपराध थाना की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के विष्टोपुर गांव के मोचीपाड़ा में छापेमारी कर सक्रिय साइबर ठग गिरोह के तीन अपराधियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से साइबर अपराध में प्रयुक्त होने वाले चार मोबाइल और नौ सिम कार्ड को भी जप्त किया है। गिरफ्तार अपराधियों में कालू दां (29 वर्ष),अविनाश मंडल (41 वर्ष),दयाल दाँ (27 वर्ष) शामिल है।

इस बाबत जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल ने बताया कि गिरफ्तार तीनों अपराधी का लंबा अपराधी के इतिहास रहा है और देशभर में अपना संगठित गिरोह चलकर साइबर घटना को अंजाम देते थे। पुलिस अब सिम कार्ड और मोबाइल के माध्यम से अब तक किए गए साइबर अपराध को गहनता से जांच कर रही है।

इस मामले में साइबर थाना जामताड़ा में कांड संख्या 21/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। गिरोह गुगल पर "टाटा कार्ड" सर्च कर लोगों को फर्जी लिंक के जरिए फंसाता था। इसके बाद 10 अंकों का फर्जी क्रेडिट कार्ड नंबर जनरेट कर ई-वॉलेट के माध्यम से ठगी को अंजाम देता था। देशभर में फैला नेटवर्क पुलिस के अनुसार इस गैंग का नेटवर्क पूरे भारत में फैला हुआ था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित