जामताड़ा , अप्रैल 15 -- झारखंड के जामताड़ा एसएसपी राजकुमार मेहता ने आज पुलिस मुख्यालय में पुलिस कर्मियों की बैठक आयोजित कर जिले को साइबर मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा अभियान छेड़ने का निर्देश जिले के तमाम पुलिस अधिकारियों को दिया।

बैठक में एसएसपी ने कहा कि साइबर अपराध के जरिए अकूत संपत्ति अर्जित करने वाले साइबर अपराधियों की सूची तैयार की गई है। 10 ऐसे अपराधियों को चिन्हित किया गया है, जो साइबर अपराध के जरिए अर्जित की गई संपत्ति से अकूत संपत्ति खड़ा किया है।

पुलिस ऐसे अपराधियों को चिन्हित कर कागजी कार्रवाई की तैयारी कर रही है और उनके द्वारा अर्जित की गई संपत्ति को अटैक करते हुए प्रवर्तन निदेशालय को सौंपने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि देशभर में जामताड़ा साइबर अपराध की रैंकिंग में नीचे आया है और पुलिस जिले को साइबर मुक्त बनाने की दिशा में काम कर रही है।

जिले में साइबर अपराधियों को पकड़ने के लिए दो टीमें बनाई गई है। जिसमें स्टेटिक टीम साइबर अपराधियों का लोकेशन ट्रैकिंग कर उन्हें पकड़ने का काम करती है। जिले के तमाम आला पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित