मेदीनीनगर , मई 23 -- झारखंड के पलामू जिला के चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई।
विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ओर से लाठी-डंडे चले, जमकर पत्थरबाजी हुई और गोलीबारी भी की गई। घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है। गोली चलाने वाले आरोपी फरार हैं। घटना की जानकारी मिलने पर डालटनगंज के भाजपा विधायक आलोक चौरसिया घायलों से मिले और उनका हाल-चाल लिया। मृतक के परिजनों से मिलकर घटना पर दुख जताते हुए सांत्वना दिया।
उन्होंने कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि पलामू समेत पूरे राज्य में विधि व्यवस्था बिगड़ी हुई है प्रशासन की कार्रवाई का कोई डर नहीं रह गया है। इसी कारण से लगातार आपराधिक घटनाएं हो रही हैं। पलामू में भी जमीन के चलते एक युवक की हत्या कर दी गई और कई लोग जख्मी हैं। प्रशासन मामले में निष्पक्ष जांच करें और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित