रांची , सितंबर 04 -- झारखंड के चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के बरैनी पंचायत अंतर्गत घूरनाडीह गांव स्थित कड़गु पटेर (तड़गू) नदी में नहाने के दौरान तीनों बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि तीसरा बच्चा अभी भी लापता है। मृतकों की पहचान 15 वर्षीय अंश प्रकाश और 14 वर्षीय प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। लापता तीसरे बच्चे की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि घूरनाडीह गांव के पास नदी किनारे शुक्रवार को पिकनिक मनाने पहुंचे थे। उन्होंने वहां पास्ता बनाया और खाना खाने के बाद नदी में नहाने उतर गए। इसी दौरान तीनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। कुछ देर बाद ग्रामीणों की नजर नदी में उपलाते एक बच्चे के शव पर पड़ी। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से नदी में तलाश शुरू की गई और एक अन्य बच्चे का शव भी बरामद कर लिया गया। दोनों शवों की पहचान अंश प्रकाश और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है।

घटनास्थल से पुलिस को दो साइकिल, तीन जोड़ी चप्पल, दो बैग और अन्य सामान मिले हैं। तीन जोड़ी चप्पल मिलने से पुलिस को आशंका है कि तीसरा बच्चा भी नदी में डूबा हो सकता है। हालांकि, पुलिस इस संभावना को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है कि हादसे के बाद डरकर तीसरा बच्चा कहीं दूसरी जगह चला गया हो।

लापता बच्चे की तलाश के लिए नदी और आसपास के इलाकों में सघन अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ग्रामीणों की मदद से नदी के अलग-अलग हिस्सों में खोजबीन कर रही है। वहीं सदर एसडीपीओ सन्नी वर्धन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेज दिया।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि तीनों बच्चे नदी किनारे किस तरह पहुंचे और नहाने के दौरान हादसा कैसे हुआ।

पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। तीसरे बच्चे के बारे में जानकारी मिलने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। हादसे की खबर मिलते ही मृत दोनों बच्चों के परिवारों में कोहराम मच गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित