गोड्डा , नवंबर 04 -- झारखंड के गोड्डा जिले के महागामा थाना में दीपावली को लेकर महागामा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी तेज कर दी है।

महागामा पुलिस निरीक्षक मधुसूदन मोदक ने अपने कार्यालय में थाना प्रभारी अभिनव आनंद एवं अन्य पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में महागामा थाना के लंबित कांडों की समीक्षा की गई।विशेष रूप से 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान पूरा कर निष्पादन करने का निर्देश अनुसंधानकर्ताओं को दिया गया।वहीं, धनतेरस एवं दीपावली के दौरान बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया।

दीपावली से तीन दिन पूर्व ही मुख्य मार्ग के बसुआ चौक सहित अन्य चौक-चौराहों एवं बाजारों में सड़क किनारे अस्थायी दुकानें सजने से यातायात प्रभावित होने की आशंका है।इसे देखते हुए पुलिस निरीक्षक ने थाना प्रभारी को सड़क किनारे अतिक्रमण पर रोक लगाने, वाहनों का आवागमन सुचारु रखने और जाम की स्थिति उत्पन्न नहीं होने देने का निर्देश दिया।इसके साथ ही बाजारों, बैंकों, आभूषण दुकानों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में विशेष निगरानी रखने तथा संध्या और रात्रि गश्ती बढ़ाने को कहा गया।

असामाजिक तत्वों एवं संदिग्ध गतिविधियों पर भी पुलिस की पैनी नजर रहेगी।महागामा पुलिस ने आम नागरिकों से शांति एवं सौहार्द के साथ दीपावली मनाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित