गिरिडीह , सितंबर 25 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में कल देर रात एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गयी।
मृतक की पहचान 24 वर्षीय ऋतिक यादव उर्फ बड्डी यादव के रूप में हुई है। वह राजेंद्र नग (बाभनटोली) का रहने वाला था।
मृतक के पिता झारखंड पुलिस में एसआई के पद पर कार्यरत हैं और वर्तमान में हजारीबाग जेल में पदस्थापित बताए जा रहे हैं। पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि, घटना गिरिडीह-डुमरी मुख्य मार्ग स्थित मुफस्सिल थाना क्षेत्र के बंदरकुप्पी के पास मैगी पॉइंट के समीप कल देर रात करीब 11 बजे हुई।
मृतक के दोस्त शुभम दास के अनुसार, रात करीब 10:30 बजे वह राजा गुप्ता और ऋतिक के साथ वाहन से बंदरकुप्पी स्थित मैगी पॉइंट पहुंचा था। इसी दौरान नवाडीह निवासी सतीश यादव कथित तौर पर 8-10 लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि किसी बात को लेकर पहले युवकों के बीच विवाद हुआ और इसके बाद ऋतिक के साथ मारपीट शुरू कर दी गई।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, पहले मुक्के से मारपीट की गई और बाद में बांस की लाठी से ऋतिक के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल ऋतिक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। हत्या के पीछे की वास्तविक वजह क्या थी, इसकी भी जांच की जा रही है। जेएमएम नगर अध्यक्ष रॉकी सिंह भी सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक ऋतिक यादव जेएमएम छात्र मोर्चा से जुड़ा हुआ था। उन्होंने यह भी बताया कि ऋतिक के पिता झारखंड पुलिस में एसआई हैं और वर्तमान में हजारीबाग जेल में पदस्थापित हैं।
पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी। फिलहाल आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित