गिरिडीह , सितम्बर 22 -- झारखंड के गिरिडीह जिले में जमुआ प्रखंड में जारी अवैध पत्थर खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है।
प्रखंड के मेढ़ोचपरको पंचायत के गोविंदपुरा स्थित कथित अवैध पत्थर खदान में उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीओ और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि छापामारी में भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, 5 बोरा जिलेटिन, ब्लास्टिंग तार, छह ट्रैक्टर और एक पोकलेन मशीन जब्त किया गया है। छापेमारी के बाद अवैध पत्थर कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
गिरिडीह जिला प्रशासन की ओर से अवैध खनन और खनिजों की तस्करी पर कार्रवाई के लिए खनन विभाग को प्रवर्तन की जिम्मेदारी दी गई है। गोविंदपुरा में हुई इस कार्रवाई को अवैध पत्थर खनन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है। जिलेटिन और ब्लास्टिंग तार की बरामदगी ने मामले को और गंभीर बना दिया है। अब जांच का विषय यह होगा कि खदान में विस्फोटक सामग्री कहां से पहुंची, किसके निर्देश पर ब्लास्टिंग की जा रही थी और कथित अवैध खनन के पीछे वास्तविक संचालक कौन हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित