गिरिडीह, जून 14 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के बिरनी थाना क्षेत्र में केशोडीह पंचायत के सिरमाडीह गांव में एक व्यक्ति ने कथित रूप से अपनी पत्नी की हत्या टाइल्स-मार्बल काटने वाली ग्राइंडर मशीन से कर दी।

घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है, जबकि इसकी जानकारी परिजनों और ग्रामीणों को रविवार को मिली।

मृतका की पहचान 55 वर्षीय कुर्सी देवी के रूप में हुई है। बताया जाता है कि वह दिव्यांग थीं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार को तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पति दौलत साव को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, पति-पत्नी के बीच लंबे समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। शनिवार की शाम विवाद बढ़ने पर दौलत साव ने कथित रूप से घर के कमरे में ही अपनी पत्नी की निर्मम हत्या कर दी। हत्या में टाइल्स-मार्बल काटने वाली ग्राइंडर मशीन का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई है।

ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि घटना के पीछे अवैध संबंध का मामला भी हो सकता है। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

सरिया-बगोदर एसडीपीओ धनंजय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया दौलत साव द्वारा अपनी पत्नी कुर्सी देवी की निर्ममता से हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के पीछे अवैध संबंध का कारण है या कोई अन्य वजह, इसकी जांच जारी है। पुलिस आरोपी दौलत साव समेत दो लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही मृतका की बहू से भी जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित