गिरिडीह , जून 25 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के पीरटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कठवारा के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान पालगंज निवासी 45 वर्षीय सुजीत कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। घायल पुत्र मनीष का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है।

परिजनों के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता अपने पुत्र मनीष के साथ पालगंज से मिठाई खरीदने के लिए बदडीहा गए थे। खरीदारी के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान कठवारा के पास सामने से आ रही एक बाइक के चालक ने अचानक बिना किसी संकेत के मोड़ ले लिया, जिससे दोनों बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी और तत्काल उन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया।

बताया जाता है कि दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दूसरे बाइक चालक को पकड़ लिया था, लेकिन वह भीड़ का फायदा उठाकर अपनी बाइक छोड़ मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुजीत कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल मनीष का उपचार जारी है। मृतक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों को छोड़ गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पालगंज गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दोनों बाइकों को जब्त कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। साथ ही फरार बाइक चालक की तलाश जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित