गिरिडीह , जुलाई 12 -- झारखंड के गिरिडीह जिले के बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में रविवार को एक अवैध शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है।

वहीं छापेमारी के क्रम में 350 पेटी नकली विदेशी शराब, हजारों नकली लेबल और भारी मात्रा में स्प्रिट बरामद किया गया है।

तैयार नकली शराब की खेप को बिहार भेजने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन उससे पहले ही उत्पाद विभाग ने छापेमारी कर दी। हालांकि छापेमारी के दौरान किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

इस संबंध में उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने प्रेस वार्ता कर बताया कि घघरा गांव के एक बड़े चहारदीवारीयुक्त परिसर में टीन शेड बनाकर संगठित तरीके से नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही थी।

गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग और बेंगाबाद पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान रॉयल स्टैग, आइकोनिक और रॉयल चैलेंज ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही 350 पेटी नकली शराब बरामद हुई। बताया कि इसके अलावा 4000 लीटर क्षमता की टंकी व ड्रम में रखा स्प्रिट, 55 रोल नकली लेबल, 25 हजार नकली ढक्कन, 20 रोल नकली होलोग्राम, 60 बोरा खाली बोतल और 1000 कार्टन भी जब्त किए गए। मौके से एक पिकअप और एक मारुति एसीई वाहन भी बरामद हुआ है।

उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तैयार शराब की खेप बिहार भेजने की तैयारी थी। मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) और 55 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। उत्पाद विभाग पूरे नेटवर्क की जांच में जुटा है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित