गिरिडीह , मई 20 -- झारखंड के गिरिडीह शहर के बरगंडा सिरसिया रोड स्थित उसरी नदी में पुल के नीचे आज एक छात्रा का शव मिलने से सनसनी फैल गई है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि छात्रा की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के सिरसिया ब्लॉक के पीछे रहने वाले योगेश दास की पुत्री पायल कुमारी के रूप में हुई है। पायल इंटर की छात्रा थी और सोमवार से गायब थी।

नदी में छात्रा का शव मिलने की खबर फैलते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसी बीच मामले की जानकारी नगर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर युवती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल में भेजने के साथ ही मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे मृतका के परिजनों के अनुसार पायल सोमवार को घर से ट्यूशन पढ़ने और पढ़ाने के लिए निकली थी, लेकिन वापस घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला था। मामले को लेकर उन्होंने मुफ्फसिल थाने में गुमशुदगी का आवेदन भी दिया था। बुधवार की सुबह उसके शव मिलने की सूचना फोन के माध्यम से परिवार को मिली , वहीं इलाके में घटना को लेकर शोक का माहौल बना हुआ है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित