खूंटी , जून 21 -- झारखंड के खूंटी जिले के जरियागढ़ थाना क्षेत्र स्थित तिलमी जंगल मंं रविवार को पुलिस और पीएलएफआई उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हो गई।
इस मुठभेड़ में संगठन का कुख्यात कमांडर श्रवण दास घायल हो गया। वहीं पुलिस ने उसके दस्ते के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तिलमी जंगल में पीएलएफआई उग्रवादी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर जरियागढ़ और कर्रा थाना की पुलिस ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान शुरू किया। पुलिस टीम के जंगल पहुंचते ही उग्रवादियों ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोलीबारी की।
मुठभेड़ के दौरान पीएलएफआई का शीर्ष कमांडर श्रवण दास गोली लगने से घायल हो गया। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया और छह उग्रवादियों को गिरफ्तार कर लिया।
खूंटी के पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार उग्रवादियों के पास से चार पिस्टल, कई देशी कट्टे, एक दर्जन से अधिक जिंदा कारतूस तथा आपत्तिजनक दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस को एक महत्वपूर्ण डायरी भी हाथ लगी है। प्रारंभिक जांच में डायरी में क्षेत्र के कई ठेकेदारों के मोबाइल नंबर, रंगदारी वसूली से जुड़े विवरण तथा संभावित वारदातों की जानकारी दर्ज होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों का मानना है कि यह डायरी पीएलएफआई के नेटवर्क, फंडिंग और रंगदारी तंत्र के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग उपलब्ध करा सकती है।
मुठभेड़ में घायल श्रवण दास को प्राथमिक उपचार दिया गया है। उसकी स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स भेजने की तैयारी की जा रही है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि श्रवण दास तोरपा और कर्रा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय था तथा रेलवे निर्माण कार्यों में बाधा पहुंचाने, गोलीबारी, आगजनी और रंगदारी वसूली समेत कई गंभीर मामलों में वांछित था। वह पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था और उसके खिलाफ पीसीए भी लगाया गया था।
गिरोह के कुछ अन्य सदस्य अब भी जंगल में छिपे हो सकते हैं। इसे देखते हुए तिलमी और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सर्च अभियान जारी है। गिरफ्तार उग्रवादियों से पूछताछ कर संगठन के नेटवर्क और उसकी आगामी योजनाओं के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित