रांची , मई 27 -- झारखंड के खूंटी जिले के साइको थाना क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
खूंटी एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि 17-18 मई की रात जिउरी बड़ा टोला निवासी 17वर्षीय विशु पाहन और 17वर्षीय सुमी मुण्डू (साइको गांव में छऊ नृत्य देखने पहुंचे थे। मेला स्थल से करीब 300 मीटर दूर मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी (21) ने अपने साथियों के साथ मिलकर दोनों पर धारदार टांगी से हमला कर दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने की नियत से शवों को मारहाबुरू पहाड़ की झाड़ियों में छिपा दिया गया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी 21 वर्षीय सुम्बर सिंह मानकी की हाल ही में शादी हुई थी। बाहर काम पर जाने के दौरान उसने अपने दोस्त विशु पाहन को पत्नी का ख्याल रखने की जिम्मेदारी दी थी। इसी बीच आरोपी की पत्नी का किसी अन्य युवक से संबंध हो गया। सुम्बर सिंह को शक था कि विशु ने उसे इस बारे में जानकारी नहीं दी और उसकी लापरवाही की वजह से उसका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ।
इसी गुस्से में आरोपी ने मेले में पहुंचे विशु पर टांगी से हमला कर दिया। वहीं, साथ मौजूद सुमी मुण्डू ने जब विशु को बचाने की कोशिश की, तो आरोपी ने उसकी भी हत्या कर दी। एसपी ऋषभ गर्ग ने बताया कि डीएसपी मंगल सिंह जामुदा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुम्बर सिंह मानकी को गिरफ्तार किया।
उसकी निशानदेही पर शव ठिकाने लगाने में मदद करने वाले गोमेया सोय और बुधराम सोय को भी दबोच लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल टांगी, खून लगे कपड़े और मिट्टी बरामद कर लिया है। फिलहाल, तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित