कोडरमा , अगस्त 18 -- झारखंड के कोडरमा जिले के तिलैया थाना क्षेत्र के इंदरवा-झरनाकुंड में बैंक लूट की योजना बना रहे अपराधियों और पुलिस के बीच बीती रात मुठभेड़ हो गई।

इस दौरान पुलिस की गोली से एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि अपराधियों को पकड़ने के दौरान तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार के पैर में भी चोट आई है।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी इंदरवा-झरनाकुंड स्थित एक मकान में बैंक लूट की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही एक अपराधी ने हथियार तान दिया, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए गोली चलाई। गोली लगने से एक अपराधी घायल हो गया। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने मौके से तीन अन्य आरोपी को भी हिरासत में लिया है। सभी से लगातार पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पकड़े गए सभी आरोपित बिहार के सिवान के रहने वाले हैं। पुलिस के मुताबिक, उनके पास हथियार भी थे।

एसडीपीओ प्रमोद केसरी ने बताया कि आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, 15 गोलियां और पांच मैगजीन बरामद की गई हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपित किस बैंक को निशाना बनाने की तैयारी में थे और उनके गिरोह में और कितने लोग शामिल हैं।

घटना की सूचना मिलने के बाद एसपी कुमार शिवाशीष आज सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल थाना प्रभारी विनय कुमार का हालचाल जाना और पकड़े गए आरोपितों से भी पूछताछ की। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित