कोडरमा , अप्रैल 19 -- झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड अंतर्गत कटैया गांव में जंगली हाथियों ने 35 वर्षीय रोहित कुमार को पटक-पटक कर मार डाला।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गांव में पिछले दो दिनों से तीन हाथियों का झुंड देखा जा रहा था। संभावित खतरे को देखते हुए ग्रामीण रातभर जागकर पहरेदारी कर रहे थे और हाथियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थे। इसी बीच रोहित कुमार अपने मवेशियों को बचाने के लिए गौशाला की ओर गए, तभी हाथियों ने उन पर हमला कर दिया। हमले में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद हाथियों ने कटैया पंचायत भवन को भी नुकसान पहुंचाया। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित परिवार को तत्काल सहायता के रूप में 25 हजार रुपये का मुआवजा दिया। साथ ही हाथियों को गांव से दूर खदेड़ने की कार्रवाई शुरू की गई।
स्थानीय लोगों ने वन विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों की मौजूदगी की सूचना पहले ही विभाग को दी गई थी, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया, जिसके कारण एक व्यक्ति की जान चली गई।
ज्ञातव्य है कि जिले में हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। पिछले 25 दिनों में हाथियों के हमले से पांच लोगों की मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं के बावजूद हाथियों को रोकने या गांवों से दूर रखने के लिए प्रभावी उपाय नहीं किए जाने से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित