धनबाद , अक्टूबर 21 -- झारखंड के आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के केमिस्ट्री एंड केमिकल बायोलॉजी विभाग के प्रोफेसर और सेंट्रल लाइब्रेरी के प्रोफेसर-इन-चार्ज प्रो. सुमंत कुमार पाढ़ी को यूनाइटेड किंगडम की प्रतिष्ठित रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री (आरएससी) का फेलो चुना गया है।

उन्हें यह सम्मान केमिकल साइंस के क्षेत्र में उनके योगदान और रिसर्च में उत्कृष्टता के लिए दिया गया है।

प्रो. पाढ़ी का रिसर्च होमोजीनियस कैटेलिसिस, स्मॉल मॉलिक्यूल एक्टिवेशन और सस्टेनेबल एनर्जी से जुड़े केमिकल ट्रांसफॉर्मेशन पर केंद्रित है। उनकी रिसर्च टीम आर्टिफिशियल फोटोसिंथेसिस, ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबल केमिकल प्रोसेस पर काम कर रही है।

।उनके रिसर्च वर्क में कार्बन डाइऑक्साइड (CO₂) का रिडक्शन और हाइड्रोजनेशन, ग्रीन हाइड्रोजन प्रोडक्शन के लिए अमोनिया का ऑक्सिडेशन, फॉर्मिक एसिड डीहाइड्रोजनेशन, प्रोटॉन रिडक्शन, वाटर ऑक्सिडेशन और ऑर्गेनिक कंपाउंड्स के इलेक्ट्रोकेमिकल ट्रांसफॉर्मेशन शामिल हैं। उनकी टीम कैटेलिटिक एप्लीकेशन के लिए नए लिगैंड्स और ट्रांजिशन मेटल कॉम्प्लेक्स भी विकसित करती है।

प्रो. पाढ़ी ने 2008 में आईआईटी गुवाहाटी से केमिस्ट्री में पीएचडी की। इसके बाद उन्होंने जापान के इंस्टीट्यूट फॉर मॉलिक्यूलर साइंस में एमईएक्सटी फेलो के रूप में पोस्टडॉक्टोरल रिसर्च किया। उन्होंने दक्षिण कोरिया की इवा वुमन्स यूनिवर्सिटी में वर्ल्ड क्लास यूनिवर्सिटी प्रोग्राम के तहत भी रिसर्च की। वर्ष 2013 में उन्होंने बायो-रेडॉक्स रिसर्च सेंटर में स्पेशल अपॉइंटमेंट प्रोफेसर के रूप में भी काम किया।

जुलाई 2013 में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद से जुड़ने के बाद से वह केमिस्ट्री एंड केमिकल बायोलॉजी विभाग में रिसर्च और एकेडमिक गतिविधियों में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह संस्थान की सेंट्रल लाइब्रेरी के प्रोफेसर-इन-चार्ज की जिम्मेदारी भी संभाल रहे हैं।

रॉयल सोसाइटी ऑफ केमिस्ट्री का फेलो चुना जाना प्रो. पाढ़ी की रिसर्च उपलब्धियों को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान है। यह उपलब्धि कैटेलिसिस, सस्टेनेबल एनर्जी और केमिकल साइंस के क्षेत्र में आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के रिसर्च प्रयासों को भी मजबूती देती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित