रांची/रायपुर , सितंबर 21 -- झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन समिति(जेएसएसपीएस)खेलगांव के होनहार पहलवान अनूप कुमार ने 45 केजी ग्रीको-रोमन वर्ग में आईएसएफ यू 18 वर्ल्ड स्कूल गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम में जगह पक्की कर ली है।
यह वर्ल्ड स्कूल गेम्स 3 से 8 दिसंबर तक ब्राजील के रियो डी जनेरियो में आयोजित होगा।
साथ ही रायपुर में आयोजित इस स्पर्धा में प्रियंका कुमारी - 40 केजी (फ्रीस्टाइल) जेएसएसपीएस, खेलगांव ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।अंकुश कुमार - 55 केजी फ्री स्टाइल - सेंटर ऑफ एक्सलेंस झारखंड ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
झारखंड राज्य से किसी भी खेल में वर्ल्ड स्कूल गेम्स में चयनित होने वाले अनूप कुमार झारखंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने इस प्रतिष्ठित विश्व स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।
अनूप ने 19 से 21 सितंबर तक रायपुर में आयोजित चयन ट्रायल में शानदार प्रदर्शन कर यह उपलब्धि हासिल की।
इस ऐतिहासिक चयन पर झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक शशि रंजन ने हर्ष व्यक्त करते हुए अनूप को बहुत-बहुत बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह झारखंड के स्कूली खेलों के लिए मील का पत्थर है।
अनूप कुमार को वर्ल्ड स्कूल गेम्स में चयनित होने पर, झारखंड राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष जीशान कमर(भा.प्र.से.), अभिभावक के रवि कुमार,(भा.प्र.से.), खेल निदेशक झारखंड छवि रंजन, भोलानाथ सिंह, रजनीश कुमार, जेएसएसपीएस सीईओ एन के झा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी - धीर सेन सोरेन और राजीव रंजन ने बहुत सारी बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित