रांची , जून 23 -- झारखंड के लोहरदगा जिले की प्रतिभाशाली पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी संजना कुमारी ने फ्रांस में आयोजित फ्रांस इंटरनेशनल पैरा-बैडमिंटन प्रतियोगिता 2026 में कांस्य पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन किया है।

16 से 22 जून तक आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता के युगल वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए संजना ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की।

संजना कुमारी और उनके जोड़ीदार साथिया विश्वनाथ ने प्रतियोगिता के दौरान ब्राजील और यूक्रेन की मजबूत जोड़ियों को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। सेमीफाइनल मुकाबले में उनका सामना भारत की मानवी जोशी और तुलसी की जोड़ी से हुआ। कड़े संघर्ष और रोमांचक मुकाबले के बावजूद संजना और उनकी साथी को सीधे दो सेटों में हार का सामना करना पड़ा। हालांकि सेमीफाइनल तक पहुंचने के दम पर उन्हें कांस्य पदक मिला।

लोहरदगा की रहने वाली संजना कुमारी के पिता भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। बचपन से ही बैडमिंटन के प्रति गहरा लगाव रखने वाली संजना ने तमाम चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने खेल के प्रति समर्पण बनाए रखा। उन्होंने लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है।

फ्रांस प्रतियोगिता के समापन के तुरंत बाद संजना आयरलैंड रवाना हो गई हैं, जहां वह 24 जून से शुरू होने वाली ब्रिटिश एंड आयरिश इंटरनेशनल पैरा-बैडमिंटन प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगी। उनसे एक बार फिर शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

पारालिंपिक कमेटी ऑफ झारखंड के अध्यक्ष जटाशंकर चौधरी ने संजना की उपलब्धि को ऐतिहासिक और प्रेरणादायक बताया। उन्होंने कहा कि संजना ने यह साबित कर दिया है कि कठिन से कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य के प्रति अटूट समर्पण और मेहनत सफलता का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। उन्होंने कहा कि संजना की उपलब्धि पूरे झारखंड ही नहीं, बल्कि देश के लिए गर्व का विषय है और उनकी सफलता हर युवा के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित