रांची , अक्टूबर 03 -- झारखंड के पूर्व उप मुख्यममंत्री और आजसू पार्टी की केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो की अध्यक्षता में केंद्रीय कार्यसमिति की बैठक शनिवार को बुकरू स्थित उनके आवास पर हुई।
बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और सांगठनिक रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में 11 अक्टूबर को गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के पीरटांड़ में 'युवा संवाद' कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इसके बाद अन्य विधानसभा क्षेत्रों में भी युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से रोजगार, शिक्षा, अवसर, नेतृत्व और झारखंड के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर युवाओं से सीधा संवाद किया जाएगा।
सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड की राजनीति का केंद्र झारखंडी जनता के सवाल होने चाहिए। संगठन का दायित्व है कि वह जनता की आवाज बने और उनके अधिकार, सम्मान एवं विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाए। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
बैठक में जिला समितियों के कामकाज की समीक्षा की गई। जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन के पुनर्गठन के साथ-साथ पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय एवं मजबूत बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यसमिति की बैठक में कहा गया कि झारखंड आंदोलन की विचारधारा, जनसरोकार और जमीनी संघर्ष से आजसू पार्टी की राजनीतिक पहचान बनी है। संगठन को जनता से जुड़े मुद्दों पर अधिक मुखर होने और जरूरत पड़ने पर सड़क पर उतरने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। कार्यकर्ताओं को स्थानीय समस्याओं से जोड़ते हुए संगठन की गतिविधियों को गांव और पंचायत स्तर तक विस्तार देने पर जोर दिया गया।
बैठक में सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी, विधायक निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लंबोदर महतो, केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर एवं हसन अंसारी तथा मुख्य प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत समेत अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित