झाबुआ , अप्रैल 15 -- मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल झाबुआ जिले ने इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता का नया इतिहास रच दिया है। 12वीं परीक्षा में जिले ने 93.23 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं 10वीं परीक्षा में भी झाबुआ ने 87.83 प्रतिशत परिणाम हासिल कर प्रदेश में पांचवां स्थान प्राप्त किया है।
झाबुआ जिले की छात्रा कु. सीमा भायडिया, पिता श्री कांतिलाल भायडिया, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रानापुर ने प्रदेश की प्रावीण्य सूची में पांचवां स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। इसी प्रकार अलीराजपुर जिले ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 10वीं परीक्षा में 92.14 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है।
झाबुआ और अलीराजपुर जैसे आदिवासी जिलों के विद्यार्थियों द्वारा पहली बार इतने उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने पर प्रदेश के केबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया और केबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान ने विद्यार्थियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि सरकार विद्यार्थियों की आगे की पढ़ाई में हर संभव सहायता प्रदान करेगी और उन्हें निरंतर मेहनत एवं लगन से अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित