जशपुर , जून 21 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर में झाड़-फूंक के नाम पर एक महिला ने पहाड़ी कोरवा परिवार का विश्वास जीतकर एक माह के मासूम बच्चे का अपहरण कर लिया।

हालांकि सिटी कोतवाली पुलिस की तत्परता से बच्चे को सकुशल बरामद कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।

जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरंगीपाठ निवासी एक पहाड़ी कोरवा महिला अपने एक माह के बच्चे के इलाज के लिए जिला अस्पताल जशपुर पहुंची थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात एक अज्ञात महिला से हुई। आरोपी महिला ने झाड़-फूंक से बच्चे को ठीक करने का दावा करते हुए परिवार का विश्वास जीत लिया और उन्हें अपने साथ जशपुर बस स्टैंड तक ले गई।

बताया जा रहा है कि महिला ने पहले परिजनों को हड़िया पिलाई और बाद में एक होटल में भोजन कराया। इसी बीच मौका पाकर वह एक माह के मासूम को लेकर फरार हो गई। बच्चे के अचानक गायब होने से परिजनों में हड़कंप मच गया। काफी तलाश के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला तो मामले की शिकायत सिटी कोतवाली जशपुर में दर्ज कराई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। बस स्टैंड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी महिला की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला को बगीचा क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने अपहृत मासूम को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पाटनवार ने बताया कि आरोपी महिला के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित