झाबुआ , सितंबर 11 -- मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले में झाड़-फूंक के नाम पर महिला को कमरे में बंद कर मारपीट करने और हाथ पर जलता हुआ कंडा रखने के आरोप में पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार धार जिले के गाडियावाड़ निवासी 52 वर्षीय प्रेमबाई की तबीयत खराब होने पर उनके पति गजानंद उन्हें उपचार और झाड़-फूंक के लिए 08 सितंबर को ग्राम मेरूपाड़ा स्थित लक्ष्मण निनामा के पास लेकर गए थे। आरोप है कि लक्ष्मण निनामा और उसके तीन साथियों ने महिला के शरीर में चुड़ैल होने की बात कहकर उसे कमरे में बंद कर दिया।
इसके बाद आरोपियों ने महिला के साथ थप्पड़-मुक्कों और लोहे की सांकल से मारपीट की तथा उसके हाथ पर जलता हुआ कंडा रखकर हथेली जला दी। घटना के बाद महिला का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धामनोद में कराया गया।
थाना धामनोद पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 118(1), 127(2) एवं 3(5) के तहत शून्य पर प्रकरण दर्ज किया। बाद में थाना रायपुरिया को शून्य एफआईआर प्राप्त होने पर अपराध क्रमांक 289/2026 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पाटीदार के निर्देशन और एसडीओपी अनुरक्ति सावनानी के नेतृत्व में थाना रायपुरिया तथा चौकी झकनावदा की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर लक्ष्मण पिता रालु निनामा, कमलेश पिता लक्ष्मण निनामा, बहादुर पिता अंबाराम निनामा और दिनेश पिता बंशी भावर को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी लक्ष्मण निनामा से पूछताछ की गई है। सभी आरोपियों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई जारी है। पुलिस ने आमजन से बीमारी अथवा अन्य समस्या के उपचार के लिए अंधविश्वास और झाड़-फूंक के नाम पर अमानवीय कृत्य का सहारा नहीं लेने तथा ऐसी घटना की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक ने त्वरित कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा भी की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित