चंडीगढ़ , जून 06 -- पंजाब में टांडा (होशियारपुर) के कांग्रेस कार्यकर्ता अर्शदीप सिंह की कथित तौर पर आम आदमी पार्टी (आप) के चुनाव चिह्न 'झाड़ू' का अपमान करने के आरोप में गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस ने शनिवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किए।
पार्टी कार्यकर्ताओं ने सरकार की कार्रवाई के विरोध में विभिन्न जिलों में प्रतीकात्मक तौर पर झाड़ुओं को खोलकर अपना रोष व्यक्त किया। कांग्रेस का आरोप है कि यह गिरफ्तारी लोकतांत्रिक विरोध की आवाज को दबाने का प्रयास है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे तानाशाही और निरंकुश रवैया बताया। उन्होंने कहा कि एक सामान्य प्रतीकात्मक विरोध के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता को गिरफ्तार करना दर्शाता है कि पंजाब की आप सरकार कितनी असुरक्षित और हताश हो चुकी है।
श्री वड़िंग ने कहा कि जहां आप सरकार ने अपने चुनाव चिन्ह के कथित अपमान के मामले में तुरंत कार्रवाई की, वहीं गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी के मामलों में न्याय दिलाने को लेकर पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने याद दिलाया कि सत्ता में आने से पहले आप नेताओं ने 24 घंटे के भीतर बेअदबी मामलों में न्याय दिलाने का वादा किया था, लेकिन चार वर्ष से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने राज्यभर में प्रदर्शन करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं का धन्यवाद करते हुए कहा कि अर्शदीप सिंह के समर्थन में दिखाई गई एकजुटता यह साबित करती है कि कांग्रेस लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखेगी। श्री वड़िंग ने कहा कि झाड़ू को खोलने का यह प्रतीकात्मक विरोध केवल शुरुआत है। उन्होंने आप नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि एक झाड़ू खोलने की घटना से सरकार इतनी परेशान है, तो आने वाले चुनावों में जनता द्वारा सत्ता से बाहर किए जाने पर वह क्या करेगी। उन्होंने दावा किया कि पंजाब में आप सरकार की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है और विपक्ष के खिलाफ की जाने वाली कोई भी दमनात्मक कार्रवाई इसे नहीं रोक सकेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित